चंबा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए डलहौजी छावनी क्षेत्र में सेना ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए डलहौजी छावनी में लोगों को रात आठ बजे के बाद अपने घरों के भीतर रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की एडवाइजरी जारी की है। इतना ही नहीं, लोगों से अपील की है कि रात के समय पैदल और वाहन में चलने पर पहचान पत्र साथ में रखें। आवश्यकता अनुसार छावनी क्षेत्र में ब्लैकआउट किया जाएगा। लोगों को सलाह दी है कि इस दौरान अपने घरों की लाइटें बंद रखें और जनरेटर का उपयोग न करें। निर्देशों में साफ किया है कि यदि हवाई हमले की आंशका के कारण डलहौजी कैंट में सायरन बजाया जाता है तो लोग घरों में रहें। अपने दरवाजे-खिड़कियों और बालकनियों से दूर रहें। रात के समय टैगोर चौक से बलून होते हुए होटल नेस्ट तक किसी भी नागरिक वाहन की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। पर्यटक वाहन, गैर आवश्यक कर्मियों को अगले आदेश तक छावनी क्षेत्र में प्रवेश वर्जित रहे। इन सुरक्षा उपायों को सशक्त बनाने के लिए कंटोनमेंट क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा पोस्ट स्थापित की है। क्षेत्र के लोगों से आग्रह किया है कि ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मियों का पूरा सहयोग दें।