चंबा। जिला चंबा के लोग इलेक्ट्रानिक कचरा राजपुरा में जमा करवा सकते हैं। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ई-वेस्ट संग्रहण केंद्र स्थापित कर दिया है। बुधवार को स्थानीय लोगों ने खराब मोबाइल के अलावा अन्य खराब इलेक्ट्रानिक उपकरण जमा करवाए।
बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता ने खराब उपकरणों को संग्रहण केंद्र में जमा किया। इलेक्ट्रानिक कचरे से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। 16 से 21 अक्तूबर तक राजपुरा में ई-वेस्ट संग्रहण केंद्र स्थापित रहेगा। इलेक्ट्रानिक उपकरणों का कारोबार करने वाले जिले के ऐसे सभी व्यापारी खराब हो चुके उपकरण यहां जमा करवा सकते हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि लोग अपने खराब टीबी, रेफ्रिजरेटर, एलसीडी, वॉशिंग मशीन, मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण जमा करवा सकते हैं। इन खराब उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ नहीं फेंका जा सकता। इसलिए इलेक्ट्रानिक कचरे के निष्पादन के लिए अलग व्यवस्था की गई। जिले के लोगों को सुविधा देने के उद्देश्य से बोर्ड ने राजपुरा में ई-वेस्ट संग्रहण केंद्र स्थापित किया है।