चंबा में ढलोग के बदेई नाले से समलेटा तक सड़क पहुचनें पर जेसीबी चालक को हार पहना खुशी मनाते ग्रा
बनीखेत (चंबा)। रविवार को छुट्टी का दिन ढलोग पंचायत के लोगों के लिए सड़क के रूप में खुशियां लेकर आया।
खुशी के इस लम्हे में लोगों ने जमकर जश्न मनाया और मिठाइयां भी बांटीं। और तो और जेसीबी चालक का नोटों से हार पहनाकर स्वागत किया गया। दरअसल, आजादी के सात दशक बाद ढलोग पंचायत के चार गांवों को रविवार को सड़क की सुविधा मिल गई है। इसकी खुशी ग्रामीणों के चेहरे पर साफ झलक रही थी। सड़क की कटिंग का काम पूरा होते ही ग्रामीण खुशी से झूम उठे और नाचना शुरू कर दिया। ढलोग पंचायत के गांव बासा-1, बासा-2, समेलटा-1 और समलेटा-2 के लोगों का कहना था कि अब उन्हें पीठ पर बोझ उठाकर तीन किलोमीटर का पैदल सफर नहीं करना पड़ेगा। बीमारी की हालत में मरीजों को पालकी और पीठ पर उठाने से भी छुटकारा मिलेगा। सालों तक गांव के ऊबड़-खाबड़ रास्ते से तीन किमी तक पैदल चलने के बाद लोगों को सड़क तक पहुंचना पड़ता था। बार-बार सड़क बनाने की मांग उठाई गई, अब सड़क पहुंच गई है तो खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। उन्होंने बताया कि सड़क की स्वीकृति मिलने पर तीन किमी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया था। रविवार को सड़क गांव तक पहुंच गई। ग्रामीणों में शमशेर सिंह, बलदेव सिंह, आशीष कुमार, मिलाप चंद, सोनू, तीर्थ कुमार, अनिल कुमार, रमेश कुमार, मदन कुमार और राजकुमार ने बताया कि आजादी के कई वर्ष बीतने के बाद आज सड़क सुविधा मिली है। इसके लिए उन्होंने सरकार और विभाग का आभार जताया है।
-