चंबा पुराना बस अड्डा के बैठक के बाद मौजूद सेवानिवृत परिवहन निगम कर्मचारी।संवाद
चंबा। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच चंबा की बैठक पुराना बस स्टैंड में अध्यक्ष दीवान चंद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनरों ने एक स्वर में ओपीएस लागू होने के दो साल बाद भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन न देने पर रोष जताया। पेंशनरों ने बताया कि हर माह उन्हें एक तारीख को पेंशन का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से पहले जो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं, उनको बढ़े हुए वेतन की किस्त का भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से बढ़े वेतनमान की पहली किस्त का भुगतान जल्द करने की मांंग उठाई। पेंशनरों ने बताया कि मेडिकल बिलों का भुगतान लंबे अरसे से बंद पड़ा हुआ है। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से उनकी मांगों को पूरा करने का आग्रह किया है। बैठक में भूपेंद्र सिंह, शक्ति प्रसाद, सरवण कुमार, राजेंद्र शर्मा, नरैणी देवी, अश्वनी, कस्तूरी लाल, कर्म चंद, देसराज, शराफत अली समेत अन्य मौजूद रहे।