सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी के तहत आते हिमगिरी, पंजेई और चीह पंचायतों में किसानों के खेतों में मटर की फसल पूरी तरह से खराब हो गई है। इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं। लगातार बारिश के कारण यह नुकसान हुआ है।
इस दौरान किसानों ने कृषि विभाग से मटर की फसल को हुए नुकसान की एवज में उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग उठाई है। किसान लोकिंद्र सिंह, महेश कुमार, योग राज, जीवन कुमार और सुरिंदर कुमार का कहना है कि बारिश से मटर की फसल को तो नुकसान पहुंचा है, साथ ही खेतों को काफी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर अत्याधिक बारिश से किसानों के खेतों में मिट्टी भी बही है। हर वर्ष वे सीजन पर अमूमन एक से दो लाख रुपये तक का मटर बाहरी मंडियों में बेचने के लिए भेजते हैं, लेकिन इस बार बारिश ने उनकी मुसीबतों को बढ़ाने का काम किया है।
मटर की फसल खराब होने के में जानकारी मिली है। प्रभावित किसान पटवारियों से नुकसान रिपोर्ट बना कर विभागीय कार्यालय में दें, जिसके बाद उन्हें मुआवजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
कुलदीप धीमान, उपनिदेशक, कृषि विभाग, चंबा