चंबा। विद्युत बोर्ड के विश्रामगृह हरदासपुरा में सोमवार को राज्य बिजली बोर्ड पेंशनर कल्याण संगठन की चंबा शाखा की मासिक बैठक वरिष्ठ सदस्य विश्वामित्र महाजन की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष मुकेश बेदी ने कहा कि काफी समय से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को उनकी देनदारियां नहीं मिल पाई है। बोर्ड जल्द इन देनदारियों को पूरा करे। इस दौरान उन्होंने कहा कि दो मेगावाट क्षमता का पद्मश्री कैलाश चंद महाजन जलविद्युत परियोजना 11 साल से प्रदेश सरकार और बोर्ड प्रबंधन की कुनीतियों के कारण खंडहर में तब्दील हो रहा है। उन्होंने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ तो सरकार और बोर्ड प्रबंधन पैसे का रोना रोते हैं और दूसरी तरफ इस परियोजना से दिन-प्रतिदिन हो रहे करोड़ों के नुकसान को अनदेखा कर रहे हैं। उन्होंने इस विद्युत परियोजना को जीर्णोद्धार और रखरखाव के लिए बिजली बोर्ड परियोजना मंडल-2 हरदासपुर चंबा को सौंपने की मांग उठाई है। इस मौके पर मुकेश बेदी, दलीप चोणा, निक्कू राम दुनिरिया, कामिनी शर्मा, रेणु बाला, निर्मला, प्रदीप कुमार नरेश सेठ, बुधिया राम और करण सिंह समेत 60 सदस्यों ने भाग लिया।