बार-बार मांग करने पर भी नहीं रेंग रही सरकार के कान पर जूं : रविंद्र
सेवानिवृत्त कल्याण मंच की मासिक बैठक में समस्याओं पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कल्याण मंच चंबा की बैठक परेल स्थित एचआरटीसी की वर्कशॉप में ठाकुर दीवान चंद की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा हुई। मंच के महासचिव रविंद्र ने कहा कि सरकार से बार-बार मांग की जा रही है कि पेंशन हर महीने की पहली तारीख को दी जाए। सभी तरह के देय भुगतान भी जल्द किए जाएं लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है। मंच के उपाध्यक्ष कर्म सिंह ने कहा कि ओपीएस के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की देनदारियां भी जल्द दी जाएं। पेंशनरों को 2016 के संशोधित वेतनमान का एरियर जल्द दिया जाए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा। मंच के उपाध्यक्ष भूपिंद्र जसरोटिया ने कहा कि नगर परिषद शहर का नया गृहकर निरस्त कर नियम के अनुसार हर घर का सर्वे फिर से करे। पटवारी की रिपोर्ट अनुसार जगह के हिसाब से गृहकर लिया जाए। शहर के लोगों में नए गृहकर को लेकर बहुत रोष है। जिसका पांच सौ बिल आता रहा है, उसका पांच से आठ हजार तक सालाना बिल आया है। स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का भी मंच ने विरोध किया। उन्होंने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री निदेशक परिवहन निगम से उनकी मांगों को पूरा करने का आग्रह किया। बैठक में विक्रम शर्मा, देवेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रसाद, प्रदेश सदस्य आनंद कुमार, प्यारु राम, देश राज, अश्वनी, बद्री राम, केसरु राम, पवन कुमार, शराफत, गंगूराम, राजिंद्र कुमार, कर्म चंद, देविंद्र कुमार और गोपाल आदि ने भाग लिया।