चंबा के मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल में उपचाराधीन मरीज।स्त्रोत:संवाद
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में बुखार से ग्रस्त मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। रोजाना 10 से 12 मरीज ऐसे भर्ती किए जा रहे हैं, जो बुखार से पीड़ित हैं।
विशेषज्ञ इनकी डेंगू और स्क्रब टायफस की भी जांच करवा रहे हैं। फिलहाल, अभी इन मरीजों में ऐसी बीमारियों की पुष्टि नहीं हुई है। ज्यादातर मरीज वायरल फीवर के आ रहे हैं। इन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। इन मरीजों में बच्चे और व्यस्क दोनों शामिल हैं। वार्डों में बुखार से ग्रस्त मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ को प्रबंधन ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बदलते मौसम के कारण लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। विशेषज्ञ इलाज के साथ मरीजों को जरूरी परामर्श भी दे रहे हैं। घरों में साफ-सफाई से लेकर गंदा पानी जमा नहीं होने के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में घास काटने का कार्य चल रहा है। ऐसे में घास में पलने वाले पिस्सू के काटने से लोग स्क्रब टायफस का शिकार बन सकते हैं। इससे बचने के लिए लोगों को चिकित्सक दस्ताने पहनकर घास काटने की सलाह दे रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की चौथी और दूसरी मंजिल में बुखार से ग्रस्त मरीजों की संख्या अधिक है।
कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि बदलते मौसम के कारण लोग वायरल फीवर के शिकार हो रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में रोजाना बुखार ग्रस्त मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। कई मरीज स्वस्थ होकर घर भी जा चुके हैं। ऐसे मौसम में लोगों को जरूरी सावधानी बरतनी चाहिए।