चंबा के भरमैार में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा से मिलते लापता टैक्सी चालक के परिज
भरमौर (चंबा)। गगल एयरपोर्ट से सवारी लेकर श्री मणिमहेश यात्रा पर आए पठानकोट के टैक्सी चालक को पुलिस जवान और अटल बिहारी उप पर्वतारोहण केंद्र के कर्मचारी तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाएंगे। भरमौर प्रशासन ने लापता टैक्सी चालक को तलाशने के लिए टीमें फील्ड में उतार दी हैं। लापता चालक का 24 दिनों से कोई सुराग नहीं चल पाया है। लापता चालक के परिजन शनिवार को भरमौर उपमंडल पहुंचे और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा से मिले। चालक की पत्नी योगिता सिंह और भाई अनिल कुमार ने बताया कि टैक्सी चालक सुरिंद्र कुमार निवासी सुनवाल पठानकोट 22 अगस्त को गगल एयरपोर्ट से तीन महिला चिकित्सकों को टैक्सी से भरमौर पहुंचाने आया था। 23 अगस्त रात 12:00 बजे वह हड़सर पहुंचा था और 25 अगस्त को उनकी वापसी थी। मौसम खराब होने की वजह से सवारी 27 अगस्त को वापस लौटी। उन्होंने बताया कि उनकी टैक्सी प्रंघाला नाले के पास खड़ी है लेकिन चालक का कोई पता नहीं चल पा रहा है। चालक को तलाशने के लिए उन्होंने अपने स्तर पर काफी प्रयास किए लेकिन, उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिल पाई है। एडीएम भरमौर ने चालक के रिश्तेदारों को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द टैक्सी चालक को तलाशने के प्रयास रहेंगे। उधर, एडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने पुलिस बल और अटल बिहारी उप पर्वतारोहण केंद्र के कर्मचारी लापता चालक को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाएंगे।