चंबा। जिला मुख्यालय के समीप पार्किंग निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। चयनित भूमि को समतल करने सहित बड़े पत्थरों को तोड़ने का कार्य जारी है। विभाग की ओर से कार्य की समय-समय पर निगरानी की जा रही है। करोड़ों की राशि से तीन सौ गाड़ियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। इससे पहले लोगों को पार्किंग के लिए काफी दिक्कतें पेश आती थी। सड़क किनारे ही अपने वाहन पार्क करने पड़ते थे। बहरहाल, अब पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही यह सुविधा लोगों को मिलेगी। गौरतलब है कि पिछले करीब 15 सालों से लोग पार्किंग के लिए तरस रहे हैं। विधायक पवन नैयर ने यह मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। जिसके बाद सरकार ने 25 करोड़ रुपये पार्किंग के निर्माण के लिए स्वीकृत किए।