चंबा विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन देने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारी और अन्य।
चंबा। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष डॉ. केशव वर्मा ने कहा कि नासिक जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों में भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जो अब सुशिक्षित समाज तक फैल चुकी हैं। आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में वन भूमि, रेलवे और सेना की सुरक्षित जमीनों पर सुनियोजित तरीके से अवैध कब्जे किए जा रहे हैं जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। ज्ञापन में खाद्य वस्तुओं को अपवित्र करने की घटनाओं का जिक्र करते हुए इसे नागरिकों के स्वास्थ्य और धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है। आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों और जनजातीय समाज की बेटियों का मानसिक और शारीरिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन और सरकार के समक्ष मांग की है कि ऐसी राष्ट्र विरोधी मानसिकता वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए। जबरन धर्मांतरण जैसी कुरीतियों को रोकने के लिए एक कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए। संवाद