बनीखेत (चंबा)। नैनीखड्ड से मेल तक 12 किलोमीटर सड़क ही हालत खस्ता है। इसके चलते वाहन चालकों को हर पल हादसे का हर भय लगा रहता है। ग्रामीणों की मानें तो नैनीखड्ड से मेल तक दो सालों से बरसात के समय भूस्खलन होने से सड़क दयनीय हो चुकी है। इसका खमियाजा राहगीरों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। इसके बारे में ग्रामीणों ने कई बार विभाग को अवगत करवाया है बावजूद इसके समस्या बरकरार है। इतना ही नहीं कई जगहों पर डंगेे भी गिर चुके हैं जिन्हें लगाने के लिए विभाग की ओर से कोई उचित प्रयास नहीं किए गए हैं। कहा कि कई जगहों पर डंगों का नामोनिशान नहीं है। ग्रामीणों ने सड़क को चौड़ा करने की भी मांग की है। वहीं भूस्खलन होने से मलबा भी सड़क किनारे गिरा है जिसे दो वर्ष बीतने के बाद भी नहीं हटाया गया है। इसके चलते राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कहा कि इस सड़क पर रोजाना सैकड़ों वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। इतना ही नहीं, सड़क चौड़ाई कार्य के चलते ऐनण माता मंदिर से मेल के लिए बिछाई गई सिंचाई की पाइप भी उखाड़ दी गई है लेकिन वहां पर सड़क की चौड़ाई नहीं हुई है।
ग्राम पंचायत बैली उपप्रधान जैसी राम समेत स्थानीय लोगों ने विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से आग्रह किया है कि सड़क की जल्द सुध ली जाए।
लोक निर्माण विभाग चुवाड़ी के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया। कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।