चंबा-भरमौर मार्ग पर दुर्गठी में सोमवार सुबह सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई। चालक का शव हादसे के बाद गाड़ी में ही फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। मृतक की पहचान ज्ञान सिंह पुत्र गुरदयाल गांव बिल्ला बग्गा डाकघर सुनारा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार ज्ञान सिंह सोमवार सुबह एनएचपीसी में ड्यूटी करने जा रहा था। दुर्गठी के समीप उसकी मारुति कार नंबर एचपी-46-0197 रावी नदी में जा गिरी। गाड़ी में सवार चालक ज्ञान सिंह की मौके पर मौत हो गई। हादसे के कुछ देर बाद चंबा-भरमौर मार्ग पर गुजर रही एक बस के चालक ने रावी नदी में कार देखी और इसकी सूचना दुर्गठी में लोगों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस व अग्निशमन विभाग को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों व बचाव दल के सहयोग से शव को गाड़ी में से निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा ले जाया गया। उधर, प्रशासन की ओर से मौके पर गए तहसीलदार डॉक्टर गणेश ठाकुर ने मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये प्रदान किए। वहीं, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि हादसे के संबंध में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई थी। एक शव बरामद हुआ है। शव की पहचान हो गई है। हादसे के समय गाड़ी में चालक अकेला ही सवार था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।