चंबा। जिला चंबा पुलिस की ओर से लॉकडाउन के चलते एक नई पहल करते हुए शहर में छह यातायात स्वयं सेवकों की नियुक्ति की गई है। इन यातायात स्वयंसेवकों का कार्य कर्फ्यू छूट के दौरान नप और अन्य क्षेत्रों से चंबा में आए वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों को सहूलियत की दृष्टि से मोटरसाइकिल के माध्यम से इनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाना है। वरिष्ठ नागरिक और बुजुर्ग पुलिस की ओरसे आरंभ की गई इस पहल से बहुत खुश हैं और इसका लाभ उठा रहे हैं। चार दिन में कर्फ्यू ढील के दौरान स्वयं सेवक 148 वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों की मदद कर चुके हैं। स्वयंसेवक के रूप में सेवाएं देने वाले लोगों में सत्यपाल सिंह, रजत कुमार, हरमिंदर सिंह, अनिकेत मेहरा, चरणदीप सिंह और रणजीत गुलाटी के नाम शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को संक्रमण से बचाना है। इसलिए वरिष्ठ नागरिकों से अनुरोध है कि वे घर पर रहें और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए मोबाइल नंबर 7876893014 पर संपर्क करें।