चंबा। शिक्षा खंड सुंडला के तहत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला अनोगा को गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक राष्ट्रीय संस्था गियान द्वारा परंपरागत सब्जियों के बीज उपलब्ध करवाए गए हैं। इसका उद्देश्य परंपरागत बीजों को देश के अलग-अलग राज्यों तक पहुंचाना है ताकि इनका संरक्षण, संवर्धन व प्रसार हो सके। गौरतलब है कि गियान एक राष्ट्रीय स्तर की संस्था है जो परंपरागत व जैविक खेती तथा इससे जुड़े नवाचारों पर काफी समय से काम कर रही है। संस्था द्वारा पूरे देश के गिने चुने स्कूलों को उनके किचन गार्डनिंग के कार्यों को देखते हुए यह बीज प्रदान किए गए हैं। अनोगा स्कूल के अध्यापकों व स्कूल प्रबंधन समिति ने पाठशाला में एक छोटा सा किचन गार्डन बनाया है। जिसमें लगी सब्जियों का मध्याह्न भोजन में व बच्चों को सब्जियां उगाने की जानकारी देने में प्रयोग किया जाता है। किचन गार्डन के साथ ही अनोगा स्कूल में फ्लावर गार्डन भी है। जिसमें खिले फूल पाठशाला की सुंदरता में चार चांद लगाते हैं। पाठशाला प्रभारी युद्धवीर टंडन ने बताया कि संस्था द्वारा पाठशाला को ककड़ी, तोरी, अरहर, पालक, भिंडी, टमाटर, बैंगन व अन्य सब्जियों के बीज उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने संस्था का व पद्म श्री प्रो. अनिल कुमार गुप्ता आभार व्यक्त किया।