चंबा। चंबा-शक्तिदेहरा मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सोमवार देर शाम 6:00 बजे खराब हो गई। इसके चलते 25 सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के कारण बीच राह बस खराब हो जाने पर चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क के किनारे उसे पार्क कर सवारियों को नीचे उतार दिया। साथ ही काफी देर तक बस को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश में जुटे रहे।
इस दौरान कई सवारियां निजी वाहनों के जरिये अपने घरों के लिए रवाना हो गईं। वहीं कई लोग अपने संगे संबंधियों को गाड़ियों में रवाना हुए। मंगलवार तक निगम की बस सड़क के किनारे ही खड़ी रही। इससे सुबह जिले में मुख्यालय चंबा आने वाले दिहाड़ीदार मजदूरों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तीसा से चंबा के लिए निकली बस कियाणी पंचायत के हमलोग में सोमवार दोपहर को बीच राह ही खराब हो गई। बस में 28 सवारियां यात्रा कर रही थीं। आए दिन बसों के बीच राह खराब हो जाने से सवारियां निगम की लचर सेवाओं को कोसती दिखीं।
गौरतलब है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें कुछ दिन से बीच राह ही हांफ रही हैं। बसों के बीच राह हांफने का खामियाजा ग्रामीणों और विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों और विद्यार्थियों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। प्रबुद्धजनों राकेश कुमार, अंबिया राम, राकेश कुमार, संजीव कुमार, सुनील कुमार, कृष्ण चंद, दलीपा राम आदि ने बताया कि प्रबंधन को रूटों पर खटारा बसें नहीं भेजनी चाहिए। खटारा बसों के कारण लोगों विशेषकर महिलाओं और बच्चियों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से रूटों पर बसों को चेक करने के बाद ही भेजने की मांग उठाई है।
एचआरटीसी चंबा के क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण बस के पहिये थम गए। सवारियों की सहूलियत के लिए दूसरी बस भेजी गई। अधिकांश सवारियां बस रुकने पर वहां से जा चुकी थीं।