भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा में इस बार यात्रियों को रास्ता बंद होने के कारण परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग 50 अतिरिक्त मजदूरों की व्यवस्था हड़सर से लेकर डलझील तक करेगा।
यह व्यवस्था टेंडर कर ठेकेदार के जरिये की जाएगी। इसको लेकर विभाग ने सरकार से भी अनुमति ले ली है। हालांकि, विभागीय मजदूर भी बंद होने वाले रास्ते को खोलने के लिए पहले की तरह विभिन्न पड़ावों में मुस्तैद रहेंगे। इस बार ठेकेदार की लेबर विशेष तौर पर इस कार्य के लिए मुस्तैद रहेगी। हर पड़ाव पर दस-दस मजदूर तैनात रहेंगे। ये बारिश के दौरान रास्ते में जहां भी श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा पैदा होगी, उस रास्ते को बहाल करवाने के लिए कार्य करेंगे। अकसर बारिश होने पर रास्ते में कई बार मिट्टी गिर जाती है या पत्थर गिर जाते हैं। इस वजह से श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी होती है। इस बार इस प्रकार की कोई परेशानी श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान नहीं होगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने सरकारी मजदूरों के साथ ठेकेदार के मजदूरों को भी बहाली कार्य में तैनात करनी की योजना तैयार की है। यात्रा से पूर्व विभाग इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लेगा। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मीत कुमार ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान 50 मजदूर निजी ठेकेदार के जरिये मार्ग की बहाली के कार्य में लगाए जाएंगे। इसको लेकर विभाग ने योजना भी तैयार कर ली है। बारिश होने पर श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी पेश नहीं आएगी।