भरमौर (चंबा)। पंचायत समिति भरमौर की बैठक मिनी सचिवालय भरमौर के सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता समिति अध्यक्ष परस राम ठाकुर ने की। बैठक में चार विभागों के अतिरिक्त कोई भी विभाग का प्रतिनिधि बैठक में नहीं पहुंच पाया। बैठक में मौजूद समिति सदस्यों की ओर से प्रस्ताव पारित कर गैरहाजिर रहे विभागाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस भेजने की बात कही है। समिति सदस्यों का कहना है हम लोग चुने हुए प्रतिनिधि हैं और अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आते हैं लेकिन बड़े दु:ख की बात है कि अधिकतर विभागाध्यक्ष इस बैठक को हल्के में ही ले रहे हैं। बैठक में पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग और तहसील कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। समिति सदस्यों ने बैठक में जो भी मुद्दे अलग-अलग विभाग से संबंधित उठाए गए उनके 15 दिन के भीतर लिखित जवाब देने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही बैठक में मनरेगा, पंचायत समिति आदि योजनाओं के सेल्फ भी डाले गए। बैठक में उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, विक्रम कपूर, पवन कुमार, शकुंतला देवी आदि मौजूद रहे।