चंबा। समय पर बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत चनेड़, सरोल, मरेड़ी, साहो और खज्जियार सेक्शन के 700 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं।
उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर बिल जमा करवाने के बारे में निर्देश दिया गया है। अगर उपभोक्ता ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ आगामी कार्यवाही के तहत कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 17 लाख रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में फंसी हुई है। हालांकि बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने संबंधित हिदायतें दीं, लेकिन अभी तक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
बहरहाल अब बोर्ड उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। बोर्ड ने नोटिस जारी कर 15 दिन में बिजली बिल करवाने के निर्देश दिए हैं। बिजली का बिल जमा न करने पर अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटा जाएगा और अस्थायी तौर पर कनेक्शन कटने के बाद उसे सुचारु करवाने के लिए उपभोक्ताओं से ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 700 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। कहा कि अगर उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिया जाएगा।