चंबा। नगर निकाय चुनावों को लेकर सोमवार को उम्मीदवारों को ताल ठोकने का अंतिम दिन रहेगा। 11 बजे से लेकर तीन बजे तक यह प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद कोई भी उम्मीदवार नामांकन नहीं भर सकेगा। गौरतलब है कि नगर परिषद डलहौजी में अब तक 28, नगर परिषद चंबा के 11 वार्डों में से 34 और नगर पंचायत चुवाड़ी में 12 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। सोमवार को अंतिम दिन होने के चलते यह संख्या और बढ़ने की पूरी उम्मीद है। 29 दिसंबर को छंटनी होगी। 31 दिसंबर को उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकते हैं। इसी दिन प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद चंबा के तहत आते वार्ड चौगान और धड़ोग वार्ड में छह-छह, जनसाली वार्ड से पांच, कसाकड़ा और हरदासुपरा में तीन-तीन, हटनाला, सुराड़ा, सुल्तानपुर, चौंतड़ा व सपड़ी में दो-दो उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। इसके अलावा जुलाहकड़ी वार्ड से एक ही उम्मीदवार अब तक सामने आया है। नगर परिषद चंबा के तहत 11 वार्ड आते हैं। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन है। अब तक नगर परिषद चंबा से 34 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।