चंबा। जडेरा क्षेत्र में फैले खसरे को नियंत्रित करने में जुटी स्वास्थ्य विभाग की टीमों को काम करना मुश्किल हो गया है। आरोप लगा है कि बच्चों की स्क्रीनिंग करने वाली कुछ टीमों के साथ लोगों ने दुर्व्यवहार भी किया है। घुमंतू समुदाय के लोग अपने बच्चों का टीकाकरण करवाने से साफ इंकार कर रहे हैं जो भविष्य में खसरा सहित अन्य बीमारी फैलने का कारण बन सकता है। जब टीमें इस समुदाय के लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में समझा रही हैं तो लोग टीमों के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार करने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। टीमों को सीधे तौर पर कहा जा रहा है कि वह किसी भी शर्त पर अपने बच्चों का टीकाकरण नहीं करवाएंगे। इसको लेकर जब टीमों के सदस्यों ने अपने उच्चाधिकारी से बात की तो उन्होंने ऐसे परिवारों से लिखित में जवाब लेने के लिए कहा है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें ऐसे सभी परिवारों से लिखकर ले रही हैं जो अपने बच्चों का टीकाकरण करवाने से मना कर रहे हैं। इसमें परिवार यह लिखकर दे रहे हैं कि वे अपनी मनमर्जी से अपने बच्चों का टीकाकरण नहीं करवाना चाहते। बच्चों का टीकाकरण नहीं करवाने वाले परिवारों में घुमंतू समुदाय से संबंधित हैं। अब तक जो भी बच्चे खसरा से पीड़ित मिले हैं जिसमें 90 प्रतिशत बच्चे इसी समुदाय से संबंधित हैं। ऐसे में इन परिवारों की मनमर्जी क्षेत्र में खसरा फैलने का कारण बन सकती है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर भारद्वाज ने बताया कि इस दिशा में विभाग उचित कदम उठा रहा है।