चंबा। एक तरफ प्रदेश सरकार बेहतर शिक्षा के दावे कर रही है, दूसरी ओर कियाणी क्षेत्र के तीन सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की तैनाती करना सरकार भूल गई है। इसके चलते स्कूली विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावकों ने बताया कि इन स्कूलों में रिक्त पदों के बारे में कई बार विभाग को अवगत करवाया गया है, मगर अभी तक अध्यापकों की तैनाती नहीं की गई है। इस बात को लेकर अभिभावकों में काफी रोष है। अभिभावकों में अमित कुमार, सुरेश कुमार, रेखा देवी, रोशन लाल, अमींचद, राकेश कुमार, जनक राज, राज कुमार और सुरेंद्र कुमार का कहना है कि स्कूल में स्थायी अध्यापक नहीं हैं। ऐसे में प्रतिनियुक्ति के सहारे व्यवस्था चलाई जा रही है। कई बार स्कूल को अध्यापक न होने के कारण बंद भी करना पड़ता है। बताया कि सरकार स्कूल तो खोल रही है, मगर पर्याप्त अध्यापकों की तैनाती करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि स्कूलों में अध्यापकों की तैनाती की जाए। उधर, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ज्ञान चंद ने बताया कि यह मामला ध्यान में है। जैसे ही अध्यापकों की तैनाती होगी, स्कूलों में अध्यापकों की तैनाती कर दी जाएगी।