सिहुंता (चंबा)। उपमंडल सिहुंता के तहत ग्राम पंचायत कामला में स्वास्थ्य सेवाएं राम भरोसे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को स्वास्थ्य उपचार के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच साल से वे सरकार और प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र खोलने का आग्रह कर रहे हैं लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
इससे ग्रामीणों में रोष है। जानकारी के अनुसार पंचायत की आबादी करीब दो हजार है लेकिन पंचायत में स्वास्थ्य सुविधा बिल्कुल भी नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी और समोट स्वास्थ्य केंद्र का रुख करना पड़ रहा है जो यहां से करीब पांच से 15 किमी दूर है। ग्रामीणों रोशन लाल, पुरुषोत्तम सिंह, देवी चंद, अमित कुमार, सूरज सिंह, बिमला देवी, राजेश कुमार, पवन कुमार, प्रकाश चंद, रणवीर सिंह, सुरेश कुमार, मिथुन कुमार आदि का कहना है कि एक तरफ सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं के दावे करती है लेकिन आज दिन तक पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र का प्रावधान नहीं कर पाई है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान नेता लोगों से स्वास्थ्य केंद्र को लेकर घोषणा करते हैं लेकिन चुनाव जीत जाने के बाद स्वास्थ्य केंद्र का मसला भूल जाते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द कामला पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र खोला जाए। भटियात के विधायक बिक्रम सिंह जरयाल ने बताया कि ग्रामीणों की मांग के तहत जल्द स्वास्थ्य केंद्र की सौगात दी जाएगी।