चंबा। स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है, लेकिन स्कूलों में व्यवस्था जांचने के लिए निरीक्षण विंग की टीम ने निरीक्षण शुरू नहीं हुआ है।
ऐसे में सरकारी स्कूलों में फैली अव्यवस्था जांच करने का सिलसिला थम गया है। यह शैक्षणिक सत्र शुरू होने से अब तक विभागीय टीम किसी भी स्कूल में दबिश देने नहीं पहुंची है। बताया जा रहा है कि चुनावों के चलते विभागीय गाड़ी व्यस्त है। बहरहाल, सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने का काम भी ठप पड़ा है।
जानकारी के अनुसार जिला चंबा में 1500 से अधिक प्राइमरी, माध्यमिक और सीनियर सेकेंडरी स्कूल है। जहां शिक्षा व्यवस्था चल रही है। कहीं स्टाफ की कमी रहती है तो कहीं अधिक स्टाफ कम बच्चों को पढ़ा रहा है। स्कूलों से अध्यापकों के नदारद रहने की भी शिकायतें अकसर मिलती रहती हैं। वर्ष 2017 में सरकारी स्कूलों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षण विंग का गठन किया है। इसके लिए उपनिदेशक, सहित दो निरीक्षण प्रधानाचार्याें और दो खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे सरकारी स्कूलों में व्यवस्थाओं की जांच समय-समय पर होती रहे, मगर नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद विभागीय टीम अपने कार्यालय से बाहर नहीं निकल पाई है। कुल मिलाकर स्कूलों में निरीक्षण न होने के चलते अव्यवस्था का आलम है।
निरीक्षण प्रधानाचार्य भाग सिंह ने कहा कि उनकी गाड़ी चुनावों में व्यस्त है। इस माह स्कूलों में टीम नहीं पहुंची है। जल्द ही इस बारे में उचित योजना बनाई जाएगी।