चंबा के प्राथमिक स्कूल त्रिया में बर्फ के बीच वार्षिक परिणाम सुनने जाते नौनिहाल
चंबा। जिला चंबा के शीतकालीन सत्र के सरकारी स्कूलों में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। साथ ही शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान राजकीय प्राथमिक स्कूल त्रिया में चार इंच बर्फ के बीच विद्यार्थी अपना वार्षिक परीक्षा सुनने के लिए पहुंचे। इस दौरान अध्यापकों ने परिणाम के साथ अभिभावकों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। शिक्षा खंड सलूणी के तहत आती राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुण्डा में वार्षिक परीक्षा परिणाम के साथ शिक्षा संवाद भी किया गया। शिक्षा संवाद में अभिभावकों के साथ अध्यापकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विषय पर चर्चा की। इसके साथ ही विद्यालय के विकास पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर सभी अभिभावकों ने दोनों अध्यापकों की सराहना की। इसी के साथ स्कूल प्रभारी पवन कुमार ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया। कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। अध्यापक नेक राज ने भी बच्चों को परीक्षा परिणाम की शुभकामनाएं दीं। दूसरी ओर राजकीय प्राथमिक स्कूल कुलाल में शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनीषा कुमारी ने की। प्राथमिक स्कूल के बच्चों के परिणाम की घोषणा अध्यापक सुरेंद्र शर्मा ने की। 5वीं में अर्चना ने प्रथम स्थान, सुप्रिया ने द्वितीय और कनीजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चाथी में हिमांश तुषार सिंह प्रथम स्थान पर रहे। तीसरी कक्षा में आराध्या ने प्रथम, निवेदिता शर्मा ने द्वितीय और प्रिया ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा दो में चंद्रेश कुमार ने प्रथम, हिमांशु ने द्वितीय और आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, माध्यमिक पाठशाला मुला में भी वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसकी घोषणा टीजीटी आर्ट्स अध्यापक ओम प्रकाश ने की। इसमें मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरित किए। वहीं, दूसरी तरफ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गागला, प्राइमरी स्कूल गागला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुलाड़ा, सहित प्राइमरी स्कूल गोठ और त्रैड़ में वार्षिक परिणाम के साथ शिक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।