चंबा। शहर के बीचोबीच स्थित चौगान नंबर-3 में वाहनों को पार्क करने वाले व्यापारियों और दुकानदारों के साथ नगर परिषद चंबा की बैठक होगी। इसमें इस बात पर मुहर लगाई जाएगी कि आखिरकार चौगान नंबर-3 पर पूर्ण रूप से वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध लगाया जाएगा या नहीं। उपमंडलाधिकारी ने नगर परिषद को इसके बारेे में मंगलवार को आदेश जारी किए हैं। इतना ही नहीं एसडीएम ने जल्द इसके बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट करने की नगर परिषद को बात कही है।
गौरतलब है कि शहर के बीचोबीच स्थित चौगान नंबर-3 में अस्थायी पार्किंग को नप चंबा ने न्यायालय आदेशों का हवाला देते हुए सोमवार को बंद करवा दिया है। साथ ही मंगलवार तक सभी वाहन चालकों को अपने वाहनों को पार्किंग स्थल से हटाने के निर्देश जारी किए। शहर में पार्किंग के अभाव में अस्थायी पार्किंग के भी बंद होने से वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलों को भांपते हुए एसडीएम ने नगर परिषद के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
शहर में पुराना बस अड्डा, राजीव गांधी कांप्लेक्स, चौंतड़ा, पक्काटाला और जनसाली में अस्थायी पार्किंग बनाई गई हैं। यहां पर 270 के करीब वाहन पार्क हो सकते हैं। नगर परिषद चंबा ने मेडिकल कालेज चंबा में दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की परेशानियों को देखते हुए चौगान नंबर-3 में अस्थायी पार्किंग बनाई। साथ ही निर्देशित किया कि निशुल्क पार्किंग में सुबह 9 से लेकर रात 9 बजे तक ही वाहन चालक अपने वाहनों को पार्क कर सकते हैं।
बावजूद इसके नियमों को दरकिनार करते हुए वाहन चालक दिन-रात वाहनों को यहीं पर पार्क करने लगे। सूत्रों के मुताबिक निशुल्क पार्किंग की एवज में यहां पर वाहन पार्क करने के पैसे भी एकत्रित करने संबंधी शिकायतें नप चंबा के पास पहुंची हैं। इसके चलते नगर परिषद के जनरल हाउस में पार्किंग को बंद करवा दिए जाने का निर्णय किया गया है। बहरहाल अब उपमंडल अधिकारी ने नप चंबा को वाहन पार्क करने वाले चालकों के साथ मंत्रणा कर अपनी रिपोर्ट सौंपने की बात कही है।
एसडीएम चंबा अरुण शर्मा ने बताया कि नप पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पार्किंग का विकल्प न होने पर वाहन चालकों के साथ बैठक कर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के बारे में कहा गया है।
नप अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि चौगान नंबर-3 में दिन-रात गाड़ियां खड़ी की जा रही हैं। इतना ही नहीं चौगान में गंदगी का आलम है। नप के जनरल हाउस में इस पर मुहर लगी है। बहरहाल बुधवार को इसको लेकर बैठक होगी।