नैणीखड्ड पंचायत सील, बंद करवाई दुकानें
कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद लिया निर्णय
संवाद नयूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। जिला चंबा के कुछ क्षेत्रों में जहां कोरोना की रफ्तार थमने लगी है तो वहीं, दूसरी ओर कुछ पंचायतों में लगातार मामले सामने आ रहे हैं। ग्राम पंचायत नैणीखड्ड में कोरोना के 15 से अधिक मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने पंचायत को सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। सोमवार को डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने पंचायत का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तमाम व्यवस्थाएं जांचीं और मौके पर तैनात पुलिस बल को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। वहीं, कंटेनमेंट जोन के नियमों के बारे में लोगों को समय-समय पर जागरूक करने को कहा। उन्होंने आदेश दिए हैं कि बेवजह घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सभी दुकानों को बंद करवाया जाएगा। पंचायत जब तक कंटेनमेंट जोन से बाहर नहीं हो जाती, तब तक यहां बंदिशें लागू रहेंगी। लोग जरूरी वस्तुओं के लिए प्रशासन से स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को सूचित कर सकते हैं। नैणीखड्ड पंचायत के बाद डीएसपी ने बैली पंचायत का भी दौरा किया, जहां कुछ दुकानें खुली पाई गईं। इन दुकानों को बंद करवाया गया और लोगों केे घरों में रहने का आह्वान किया। गौरतलब है कि कोरोना को नियंत्रित करने के लिए जहां सरकार और प्रशासन प्रयासरत है तो वहीं, कोरोना कर्फ्यू नियमों की पालना सुनिश्चित बनाने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के कंधों पर है। ऐसे में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात फील्ड में जुटे हैं। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि उन्होंने नैणीखड्ड, बैली और बनीखेत का दौरा किया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सभी कोरोना के नियमों का पालना करें।