प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नकरोड़।संवाद
चुराह (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र में नकरोड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टीन के शेड में चल रहा है। वर्ष 1998 में इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ हुआ था। तबसे लेकर यहां नए भवन का निर्माण नहीं किया जा सका है।
शेड के एक कमरे को दो भागों में बांटा गया है। इसमें एक भाग में डॉक्टर बैठता है तो दूसरे भाग में दवाइयां सहित अन्य सामान रखा गया है। आपातकालीन स्थिति में मरीज को भर्ती करने की नौबत आ जाए तो उसके लिए पीएचसी में कोई उपयुक्त स्थान नहीं है। जिस शेड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है, वह भी एनएचपीसी का है। स्वास्थ्य विभाग के पास अपने स्वास्थ्य केंद्र को चलाने के लिए अपना भवन नहीं है। ऐसे में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिल सकती हैं।
हंसराज, कबीर, जान मोहम्मद, रहमत अली, किशोर, धर्मपाल और दीपक कुमार ने बताया कि नकरोड़ स्वास्थ्य केंद्र को खोलने के बाद सरकार इसे भूल गई है। यही कारण है कि आज तक इस पीएचसी को भवन नसीब नहीं हो पाया है। पीएचसी में डॉक्टर सहित अन्य स्टाफ के 13 पद स्वीकृत हैं। मौजूदा समय में मात्र एक डॉक्टर और एक चपरासी यहां सेवाएं दे रहा है। उन्होंने मांग की है कि नकरोड़ पीएचसी में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए। साथ ही नए भवन की भी व्यवस्था करवाई जाए।
उधर, कार्यकारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ऋषि पुरी ने बताया कि पीएचसी में खाली चल रहे स्टाफ के पदों के बारे में सरकार को अवगत करवा दिया गया है। जल्द सरकार इन पदों को भर सकती है। इसके साथ नए भवन को लेकर भी जमीन की तलाश की जा रही है।