तीसा(चंबा)। चुराह उपमंडल के तहत आते भजंराडू-चनवास शहवा मार्ग पर टैक्सी चालक मोटी कमाई के चक्कर में लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। टैक्सी चालक सवारियों को छत पर बैठाकर सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इन टैक्सी चालकों पर अभी तक नकेल कसने के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाए जा सके हैं। इससे इनके हौसले बुलंद हो रहे हैं। प्रबुद्धजनों राकेश कुमार, दिलीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, संदीप कुमार आदि ने बताया कि वाहनों की छत पर सफर करना कानूनी जुर्म है। बावजूद इसके टैक्सी चालक चंद पैसे कमाने के चक्कर में लोगों की अनमोल जिंदगियों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। टैक्सी चालकों पर समयानुसार नकेल न कसी जाने से उनके हौसले बुलंद हो चुके हैं। लोगों ने तीसा थाना प्रभारी से टैक्सियों की छतों पर सवारियां ढोने वाले चालकों पर नकेल कसने की मांग की है जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।