एक माह बाद भी नगर परिषद नहीं खोल पाई ऑनलाइन टेंडर
नगर परिषद चंबा के ठेकेदारों ने उपायुक्त चंबा को सौंपा ज्ञापन
चंबा। नगर परिषद चंबा की ओर से ऑनलाइन टेंडर न खोलने को लेकर ठेकेदारों ने रोष जताया है। टेंडर जल्द खोलने की मांग को लेकर ठेकेदारों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सरफराज मोहम्मद, रोहित शर्मा, लोकेंद्र कुमार, भूपेंद्र गुलेरिया, दीपक हांडा, यादव नंदन चौणा, अमीन मलिक, पवन कुमार, शिव कुमार और अविनाश ने बताया कि एक फरवरी को सभी ठेकेदारों ने ऑनलाइन टेंडर भरे थे। टेंडर खोलने की तिथि दो फरवरी निर्धारित की गई थी। अब एक माह बीत गया गया है, लेकिन अभी तक टेंडर नहीं खोले गए हैं। बताया कि वे सब डी श्रेणी के ठेकेदार हैं और ईएमडी पर 40 से 70 हजार रुपये खर्च किए हैं। नगर परिषद की ओर से इस बारे में कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि टेंडरों को जल्द खोला जाए या फिर उन्हें रद्द कर उनके पैसे वापस किए जाएं। संवाद