तीसा (चंबा)। चुराह की जुनास पंचायत के दुर्गम गांव करियाड़ी में अधिकांश लोग जोड़ों के दर्द से पीड़ित हैं। इसका खुलासा सांसद मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम के पहुंचने पर हुआ।
दुर्गम गांव में पहली बार स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। चिकित्सीय परामर्श के बाद जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों को दवाइयां दी गईं।
शुक्रवार को सांसद मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम को देख कर देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ चेकअप करवाने समेत विभिन्न प्रकार के टेस्ट करवाने के लिए कतार में खड़े हो गए। डॉ. अवधेश पंडित और उनकी टीम ने मरीजों की क्रमवार जांच कर दवाइयां दीं। लोगों के खून की निशुल्क जांच भी की गई।
सांसद मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य खंड चुराह में पिछले एक वर्ष से लोगों को घर द्वार मुफ्त इलाज कर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। चिकित्सक की अगुवाई में टीम चुराह के दुर्गम और अनछुए इलाकों में पहुंचकर लोगों का निशुल्क इलाज कर रहे हैं। साथ ही रक्त जांच कर दवाइयां दे रहे हैं। गांव करियाड़ी में स्वास्थ्य जांच के दौरान लोगों का बीपी इत्यादि जांचा गया। इस दौरान अधिकांश मरीज जोड़ों की दर्द से पीड़ित पाए गए। चिकित्सीय परामर्श के अनुसार उन्हें दवाइयां दी गईं।