चंबा। चांचू धार में महिला की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझाने में मोबाइल सिम ने अहम भूमिका निभाई। हत्या आरोपी महिला के भतीजे ने दूसरे मोबाइल में सिम डालकर जम्मू-कश्मीर फोन किया था। इसके कुछ देर बाद कॉल काट दी गई।
इसके बाद वह मोबाइल से सिम नहीं निकाल पाया और पुलिस के रडार में आ गया। हत्या की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल की छानबीन की तो मौके से मृतका का मोबाइल फोन मिला था, लेकिन उसमें सिम नहीं थी। शक के आधार पर नंबर को ऑनलाइन ट्रेस किया तो यह आरोपी भतीजे के मोबाइल में निकली। ऐसे में उसकी लोकेशन भी मिल गई। इसके बाद पुलिस ने योजना बनाकर आरोपी भतीजे शरीफ मोहम्मद निवासी थेडेम, कठुआ जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही साक्ष्म मिटाने में मदद करने के आरोप में आरोपी युवक की मां नजीरा को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर, पूछताछ के बाद पुलिस ने चांचू धार स्थित नाले में छिपाए गए महिला के खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
जम्मू-कश्मीर से मवेशियों को चराने के लिए बकरवाल समुदाय के लोग डलहौजी की भांदल पंचायत की चांचू धार पहुंचे थे। रविवार की 28 वर्षीय रफीका निवासी थेडेम, कठुआ घोड़ों को चराने गई थी। यहां आरोपियों ने तेजधार हथियार से महिला की हत्या कर दी। इसके बाद रोती-बिलखती छोटी बच्ची को अपने परिजनों को घटना की सूचना देने के लिए भगा दिया। बच्ची की सूचना पर परिवार के सदस्य पहुंचे तो आरोपी भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस की गहनता से की गई तफ्तीश के बाद ये सफलता मिली है। बहरहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।