चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुड्डू में वार्षिक समारोह के दौरान मौजूद सदर विधायक नीरज
लुड्डू स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की रही धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुड्डू के सालाना समारोह में विद्यार्थियों ने हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में सदर विधायक नीरज नैयर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य जितेश्वर सूर्या ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में सदर विधायक ने कहा कि निराश्रित बच्चों के लिए अभिभावक बनकर प्रदेश सरकार आगे आई है। कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से निराश्रित बच्चों को सहारा देने के लिए सुखाश्रय सहायता कोष भी बनाया गया जिसमें 101 करोड़ की धनराशि का प्रावधान प्रदेश सरकार की ओर से किया गया है। इस कोष के माध्यम से निराश्रित बच्चों के उत्थान का काम किया जा रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू यह स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार निराश्रित बच्चों की सहायता ही नहीं कर रही, बल्कि उन्हें उनका अधिकार दिला रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लुड्डू को 11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने वार्षिक गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के पश्चात विधायक ने जन समस्याओं को सुना और कई समस्याओं का मौके पर समाधान किया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य विजय ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत लुड्डू उमा देवी, डिप्टी डीईओ उमाकांत, प्रधानाचार्य वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उदयपुर नरेंद्र कुमार, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता हंसराज, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कुमुद उपाध्याय, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान राकेश भारद्वाज, सुपरवाइजर कैलाश राणा सहित उप प्रधान रमेश और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुड्डू में वार्षिक समारोह के दौरान मौजूद सदर विधायक नीरज