भरमौर अस्पताल में मरीजों का इलाज करते डॉ. जनक राज। स्रोत : प्रशासन
चंबा। लगातार आपदा के हालात के बीच भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज भी राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। चिकित्सक होने के नाते वे न केवल हालात का जायजा ले रहे हैं, बल्कि खुद मरीजों का इलाज भी कर रहे हैं। भरमौर अस्पताल में डॉ. जनक राज ने घायल मणिमहेश यात्रियों और स्थानीय लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर इलाज उपलब्ध करवाया। इसके अलावा वह कई गांवों में, जिनमें होली सहित अन्य दुर्गम क्षेत्र भी शामिल हैं, पैदल जाकर लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। विधायक ने स्थानीय डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर टीम बनाते हुए प्रभावितों का इलाज शुरू किया। आपदा के दौरान दवाइयों की आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। स्थानीय लोगों ने डॉ. जनक राज के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विधायक होने के साथ-साथ डॉक्टर के रूप में उनका यह योगदान आपदा की घड़ी में बेहद राहत देने वाला है।