सलूणी (चंबा)। तलेरू के नजदीक चमेरा जलाशय में एनडीआरएफ नूरपुर की टीम ने लापता युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। दिनभर तलाश करने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। इस मौके पर चौहड़ी पुलिस चौकी की टीम और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि गत 9 जुलाई को युवक विनय रघवाल पुत्र चतर सिंह रघवाल, गांव धानुई, डाकघर संधी की बाइक जलाशय के किनारे पर पड़ी मिली थी लेकिन युवक का कहीं कोई अता-पता नहीं था। युवक के परिजनों ने नूरपुर की एनडीआरएफ टीम से संपर्क कर उन्हें जलाशय में युवक की तलाश के लिए बुलाया। इसी क्रम में वीरवार को सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन टीम को देरशाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। चौहड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई अनुभव शर्मा ने बताया कि परिजनों के शक के आधार पर नूरपुर से एनडीआरएफ के जवानों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा है।