चंबा में कार दुर्घटना के बाद लापता हुई डॉक्टर के रावी नदी में सर्च अभियान के दौरान एनडीआरएफ
चंबा। कार हादसे के बाद रावी नदी में लापता एमबीबीएस प्रशिक्षु शिमला जिला की हाटकोटी की इशिका का चौथे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें उसकी तलाश में दिनभर रावी नदी के तट पर डटीं रहीं। गोताखोरों ने परेल के पास रावी नदी की गहराई में उतरकर उसे तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई। इसके अलावा नदी के अन्य स्थानों पर जहां पर उसके होने की संभावना हो सकती थी, वहां पर भी गोताखोरों ने तलाश करने का प्रयास किया। एनडीआरएफ की टीम ने बोट के जरिये भी नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। शाम होने तक उसका कुछ सुराग नहीं लगा। शनिवार को चार इंटर्न कार दुर्घटना का शिकार हुए थे। इसमें एक की मौके पर मौत हो गई थी। दो गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि, एक नदी में लापता हो गई। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि लापता इशिका का अभी तक कुछ पता नहीं लगा है। वीरवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।