आरोपी गायब, पुलिस कर रही धरपकड़
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। एक युवक ने नाबालिग को बहला फुसलाकर घर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग को इस घटना के बारे में किसी को भी नहीं बताने की धमकी भी दी। बाद में नाबालिग को यह कहकर ब्लैकमेल करता रहा कि वह इस घटना को सभी लोगों को बता देगा। इस घटना का उस समय खुलासा हुआ जब स्वास्थ्य विभाग की टीम नाबालिग के गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के लिए पहुंची। यहां पर नाबालिग भी अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने पहुंची। उसके पेट दर्द की चिकित्सीय टीम ने बारीकी से जांच की तो पता चला कि नाबालिग गर्भ से है। इसको लेकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने नाबालिग से जब इस मामले में पूछताछ की तो उसने सारी कहानी पुलिस को बता दी। पुलिस ने नाबालिग का सरकारी अस्पताल में लेजाकर मेडिकल करवाया। साथ ही आरोपी युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें उसके गांव में दबिश दे रही हैं। पुलिस में इस मामले के जाने की भनक लगते ही आरोपी गायब हो गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में गहनता से निष्पक्ष जांच कर रही है।