चंबा के पांगी में कॉलेज के विद्यार्थीयों से बात करते जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी। -संवा
पांगी (चंबा)। पांगी कॉलेज में राजनीतिक विज्ञान के प्राध्यापक के तबादले के विरोध में विद्यार्थियों ने जनजातीय विकास मंत्री का घेराव किया। इस दौरान उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा और कॉलेज में रिक्त प्राध्यापक के पद को भरने की मांग उठाई। इसको लेकर जब मंत्री ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया तो उनके आश्वासन पर भी विद्यार्थी भड़क गए।
विद्यार्थियों ने तर्क दिया कि प्राध्यापक की नियुक्ति को लेकर भाजपा विधायक डॉक्टर जनक राज ने भी उन्हें आश्वासन दिया है। ऐसे में सरकार के मंत्री की तरफ से भी उन्हें यदि आश्वासन मिलेगा तो शायद ही कॉलेज में रिक्त पद पर किसी प्राध्यापक की तैनाती होगी। इस बात को लेकर काफी देर तक किलाड़ पुस्तकालय के बाहर मंत्री और विद्यार्थियों के बीच में चर्चा होती रही। बाद में मंत्री और अन्य लोगों के समझाने पर विद्यार्थियों का गुस्सा शांत हुआ। और मंत्री की तरफ से विद्यार्थियों को आश्वस्त किया गया कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से बात करेंगे।