नैनीखड्ड स्कूल के सालाना समारोह में विस अध्यक्ष ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। म्हारा बालम ठानेदार चलावे चिप्सी...हरियाणवी गीत पर विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने उड़े जब-जब जुल्फें तेरी... हिंदी फिल्म के गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने तेरी मिट्टी में मिल जावां...देशभक्ति गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर पंडाल में बैठे सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नैनीखड्ड के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल प्रधानाचार्य मीनू चोपड़ा ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने वंदे मातरम और स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण लीला और लोक गाथा धोबन की प्रस्तुति दी जिसे खूब सराहा गया। मुख्यातिथि ने कहा कि नाबार्ड के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से इस क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों में पेयजल योजनाओं के संवर्धन और विस्तार कार्यों को विधायक प्राथमिकता के तहत वित्त वर्ष 2023-24 की सूची में शामिल किया गया है। कहा कि पंचायत नैनीखड्ड और तुन्नूहट्टी के तहत पेयजल योजना के उन्नयन कार्य पर 1.72 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है। कहा कि संपर्क मार्ग बेडल गांव के तहत इंटर लॉकिंग प्लास्टर ब्लॉक के निर्माण पर 44 लाख व्यय किए गए हैं। टिकरी संपर्क मार्ग पर एक किलोमीटर टारिंग के कार्य के लिए 85 लाख की धन राशि व्यय की गई। कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत 22 करोड़ की राशि से नैनीखड्ड-समलेऊ संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्य को जल्द पूरा करने के लिए विभाग को निर्देश दिए हैं। स्कूल प्रधानाचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी जिसके बाद मुख्यातिथि ने वर्ष भर की विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने 21,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।