चंबा। आदर्श राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा के प्रधानाचार्य विकास महाजन की अध्यक्षता में मिशन लाइफ फाॅर इन्वायरनमेंट के तहत जागरुकता रैली निकाली गई। रैली को प्रधानाचार्य और नर्सिंग ईको क्लब की प्रभारी राखी बाली ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्कूल परिसर से रैली आरंभ होकर चौंतड़ा और हटनाला से होते हुए शहर में पहुंची। रैली के दौरान बच्चियों ने लोगों को पर्यावरण को स्वच्छ बनाने और उसका संरक्षण करने का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने रैली के माध्यम से जल, बिजली को बचाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने, प्रकृति को साफ-सुथरा रखने, प्रदूषण नियंत्रण करने, पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए पौधे रोपित करने का नारों और पोस्टरों के जरिये संदेश दिया। प्रधानाचार्य विकास महाजन ने कहा कि अगर इंसान अपनी जीवन शैली में थोड़ा सा बदलाव करे तो पर्यावरण को किसी भी बड़े खतरे से बचाया जा सकता है।