चंबा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि आपदा प्रबंधन को लेकर 14 जून को मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ वर्चुअल रूप से आयोजित बैठक के बाद बाद उन्होंने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला अधिकारियों के साथ एक मेगा मॉक एक्सरसाइज के आयोजन के बारे में चर्चा की। इसके तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर भारी बाढ़ और भूस्खलन को आधार मानकर एक मेगा मॉक एक्सरसाइज होगी।
उन्होंने बताया कि आपदा पूर्वाभ्यास में प्रभावी प्रबंध व्यवस्था सुनिश्चित बनाने को लेकर 12 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी। इसी तरह 14 जून को एक मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ जुड़े सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों को शामिल किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि चूंकि ऐसे पूर्वाभ्यास वास्तविक आपदा के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में सभी जिला अधिकारी उपलब्ध विभागीय संसाधनों और मानव संसाधन क्षमता का पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित बनाएंगे। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से निर्धारित एसओपी का पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी जारी किए। उपायुक्त ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान केंद्रीय सैन्य बलों के अधिकारी विशेष पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।