डलहौजी (चंबा)। नगर परिषद की लापरवाही के कारण पर्यटन सीजन में डलहौजी की गलियों में अंधेरा पसर सकता है। बिजली बोर्ड ने नगर परिषद को स्ट्रीट लाइटों के बकाया बिल जमा को 31 मार्च से पहले जमा करवाने की हिदायत दी है। यदि 31 मार्च तक स्ट्रीट लाइटों का बकाया बिल जमा नहीं करवाया गया तो बिजली बोर्ड स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काटे देगा।
बिजली बोर्ड ने स्ट्रीट लाइटों के लंबित बिल के रूप में नगर परिषद डलहौजी से 4.58 करोड़ की धनराशि लेनी है। इस धनराशि को जमा करवाने के लिए बिजली बोर्ड कई बार नगर परिषद को सूचित कर चुका है। मगर अभी तक लंबित बिल जमा करवाने में कोई सक्रियता नहीं दिखाई है। इसका सीधा असर पर्यटन सीजन में पड़ सकता है।
बोर्ड के सहायक अभियंता इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कई सालों से नगर परिषद ने स्ट्रीट लाइटों का बिजली बिल जमा नहीं करवाया है। इसके चलते बोर्ड को मजबूरी में स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने का फैसला लेना पड़ रहा है। 31 मार्च तक यदि नगर परिषद ने बिल के पैसे जमा नहीं करवाए जो बोर्ड अपनी कार्रवाई को अंजाम देगा।