चंबा। तीसा क्षेत्र की कोटी पंचायत में एक व्यक्ति की ढांक से गिरने से मौत हो गई। यह हादसा बुधवार देररात को हुआ। संजीव कुमार पुत्र परस राम गांव सडाला डाकघर कोटी तहसील का रहने वाला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
संजीव कुमार काम से छुट्टी के बाद शाम को वापस घर जा रहे थे। जब घर के समीप चेली नामक स्थान पर पहुंचे तो अचानक पैर फिसलने के कारण करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचित किया। घायल संजीव को खाई से निकालकर चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सक ने संजीव को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की। परिजनों के बयान भी दर्ज किए। परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। वहीं, प्रशासन ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आगामी जांच चल रही है। संवाद