बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत मनोला में खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान दूलो राम (62) पुत्र बजीरू राम निवासी गांव औचा के रूप में हुई है। दूलो राम रोजाना की तरह मंगलवार शाम को मजदूरी करके अपने घर की तरफ जा रहा था। गांव के पास पहुंचने पर रास्ते में अचानक उसका पांव फिसल गया और वह खाई में जा गिरा।
जब देर शाम तक वह अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। थोड़ी दूर जाकर खाई में वह बेसुध मिला। परिजनों ने उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है।