चंबा। प्रदेश सरकार की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि का लाभ लेने वाली महिलाओं का इंतजार बढ़ गया है। दो अक्तूबर को आयोजित ग्राम सभा की बैठकों में इस मामले पर चर्चा ही नहीं हुई है।
हालांकि, ग्राम सभाओं में महिलाओं की भागीदारी पहले की अपेक्षा काफी ज्यादा रही, मगर सम्मान निधि योजना को लेकर चर्चा नहीं हुई। हालांकि, जिला कल्याण विभाग ने 56 हजार महिलाओं के आवेदन की सूची पंचायतों को भेज दी गई थी। चर्चा न होने से सम्मान निधि के लिए पात्रों और अपात्रों का चयन होने से महिलाओं को झटका लगा है।
जिले में अब तक करीब 56 हजार महिलाओं ने सम्मान निधि योजना के लिए आवेदन किया है। इनमें मात्र 1245 महिलाओं को ही सम्मान निधि की राशि मिली है। तीन माह की राशि एक साथ सरकार ने अगस्त में डाली थी, मगर उसके बाद अभी तक नई किस्त नहीं दी गई है। सरकार ने सम्मान निधि के पात्रों के चयन के लिए ग्राम सभा की अनुमति अनिवार्य कर दी है। दो अक्तूबर को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में यह एजेंडा गायब ही रहा। पंचायतों में इस मामले को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। कल्याण विभाग ने पंचायतों को आवेदन करने वाली महिलाओं की सूची भेज दी थी।
उधर, जिला कल्याण अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि ग्राम सभा से पहले पंचायतों को आवेदन करने वाली महिलाओं की सूची जारी कर दी थी। कहा कि इस बारे में अब आगामी आदेशों का इंतजार है।