चंबा। काली माता महिला मंडल वाधाला की बैठक द्रम्मन पंचायत के गांव काथला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महिला मंडल प्रधान कुंती देवी ने की। बैठक में नशे के बढ़ते प्रभाव और लोगों को जागरूक करने के बारे में विशेष रूप से चर्चा की गई। महिला मंडल के सदस्यों ने बैठक में निर्णय लिया कि मंडल अपने स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगा और नशे की समस्या के खिलाफ एक चुनौती की तरह लड़ाई लड़ेगा। इस दौरान नशे के खिलाफ युवाओं ने भी मंडल के साथ मिलकर चलने का प्रण लिया। युवाओं ने कहा कि नशे की समस्या ने युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। अगर इसके खिलाफ गंभीरता नहीं दिखाई गई तो आने वाली पीढ़ी को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्हाेंने कहा कि महिला मंडल काफी समय से नशे के खिलाफ अभियान चला रहा है, जो सराहनीय है।