चंबा के गगाहर-पखरोदू संपर्क मार्ग का शिलान्यास करते विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया।संवाद
चंबा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रायपुर पंचायत में 88 लाख रुपये से निर्मित होने वाले गगाहर से गांव पखरोदू के लिए संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया।
गगाहर में जनसभा के दौरान विस अध्यक्ष ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को सुदृढ़ करने और हर गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। गांव पखरोदू के लोगों की लंबे समय से चल रही सड़क की मांग पूरी कर दी है। इस सड़क का काम छह माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। पखरोदू से नागा नाल को भी सड़क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसी मार्ग को बिंतरू नाग मंदिर परिसर तक पहुंचाया जाएगा। इससे तीन से चार गांवों के साथ बिंतरू नाग मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
कहा कि रायपुर से फगोत सड़क के सुधार, मेटलिंग एवं टारिंग पर 5 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसकी कार्य योजना बना ली गई है। धमनाड़ी सड़क की मेटलिंग और टारिंग पर 1 करोड़ रुपये खर्च हाेंगे। अपर गगाहर से लोहर गगाहर सड़क का सर्वे पूरा कर लिया गया है। गांव चक्की और रखेड़ को भी सड़क से जोड़ा जाएगा। इसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सारना, सलोह, चलाड़ी और साथ लगते गांवों के लिए उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। एसडीएम पारस अग्रवाल, प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक के मंडल निर्देशक राम सिंह चंबियाल और नगर पंचायत चुवाड़ी उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढ़क भी मौजूद रहे।