तेलका क्षेत्र के दरोगी में हादसा, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। क्षेत्र के दरोगी नामक स्थान में काम करते समय बिजली कर्मचारी खंभे से गिर गया। घायल लाइनमैन ओम प्रकाश गांव आसमाला के रहने वाले हैं।
बिजली लाइन को ठीक करने के लिए वह खंभे पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि काम के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया। इस कारण वह लगभग 20 फीट ऊंचे खंभे से गिर गए। उस समय बिजली की सप्लाई बंद थी जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद साथ मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायल ओम प्रकाश को तुरंत पीएचसी तेलका पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है। बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता रविंद्र जरिया ने बताया कि घटना के समय वह मौके पर ही मौजूद थे। लाइनमैन ओम प्रकाश काम कर रहे थे कि अचानक यह हादसा हो गया। कर्मचारियों ने तुरंत घायल को तेलका अस्पताल पहुंचाया। दूसरी तरफ, घटना के बाद एक बार फिर बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे जोखिम भरे कार्यों में ओर अधिक सावधानी और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता है। बोर्ड को इस बारे उचित प्रबंध करना चाहिए। संवाद