चंबा। समय : मंगलवार सुबह 11:00 बजे। स्थान : मेडिकल कॉलेज चंबा का प्रथम तल। मरीजों से मिलने के लिए उनके रिश्तेदार हाथों में खाने का सामान लेकर पैदल रास्ते से विभिन्न वार्डों का रुख कर रहे हैं।
मरम्मत कार्य के नाम पर पर्ची काउंटर के साथ लिफ्ट बंद पड़ी है। कुछ युवा मरीज को लेकर पहुंचे। लिफ्ट के ऑन-ऑफ न होने पर तीमारदार मरीज को लेकर सीढि़यों के रास्ते से ही चिकित्सक से चेकअप करवाने के लिए आगे बढ़ गए। मरीजों ने बताया कि लंबे समय से लिफ्ट बंद पड़ी है। तीमारदारों को चलने-फिरने में असहाय मरीजों को मजबूरन व्हील चेयर और स्ट्रेचर पर ही यहां से वहां ले जाना पड़ता है। हद तो तब हो जाती है, जब मरीज को विभिन्न प्रकार के टेस्ट करवाने, एक्सरे या अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज के पुराने से नए भवन तक लेकर जाना पड़ता है। कभी-कभार स्ट्रेचर या व्हील चेयर न मिलने पर मरीज को लेकर जाना चुनौती से कम नहीं रहता है।
मेडिकल कॉलेज चंबा के कार्यवाहक मुख्य अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि नई लिफ्ट को इंस्टाल करने का कार्य चल रहा है। जल्द मरीजों को नई लिफ्ट की सहूलियत मिलनी शुरू होगी।
केस एक
समय : मंगलवार सुबह : 11:25 बजे। पेट दर्द से पीड़ित विमला देवी के विभिन्न प्रकार के टेस्ट करवाकर मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल से लिफ्ट बंद होने की सूरत में परिजन रैंप के जरिये स्ट्रेचर खींचते और धक्का लगाते चौथी मंजिल पर पहुंचे।
केस दो
समय : सुबह 11:30 बजे। सुमना देवी के टेस्ट करवाने के लिए परिजनों ने बाजुओं से पकड़कर महिला को चौथी से पहली मंजिल तक पहुंचाया। इसके बाद परिजन टेस्ट करवाने के लिए क्रस्ना लैब की ओर आगे बढ़ गए।
केस तीन
समय : सुबह 11:45 बजे। कासमदीन की टांगों में असहनीय दर्द है। चिकित्सक से चेकअप के बाद उन्हें चौथी मंजिल में दाखिल किया गया है, लेकिन लिफ्ट बंद होने के कारण परिजन व्हील चेयर पर बैठाकर ही उन्हें रैंप से लेकर जा रहे हैं।
समय : सुबह 11:55 बजे। छाती और सांस की तकलीफ से पीड़ित बृजभूषण दर्द से कराह रहे हैं। चिकित्सक ने उनके कई टेस्ट लिखे हैं। टेस्ट करवाने के लिए परिजन व्हील चेयर पर लेकर जा रहे हैं। लिफ्ट न चलने पर हर कोई मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की लचर व्यवस्था को कोस रहा है।