तीसा (चंबा)। शिक्षा खंड कल्हेल में राजकीय उच्च पाठशाला लेसवीं को बेस्ट एसएमसी का खिताब मिला है। अध्यापक बलबीर सिंह ने यह जानकारी दी। एसएमसी प्रधान भिंदर सिंह ने बताया कि ब्लॉक कल्हेल में इस वर्ष बेस्ट एसएमसी का इनाम राजकीय उच्च पाठशाला लेसवीं को दिया है। ये इनाम बीआरसी अपर प्राइमरी पवन कुमार ने प्रदान किए। स्कूल को मोमेंटो और 5,000 रुपये की राशि इनाम के रूप में मिली है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि स्कूल के विकास में अध्यापकों का विशेष योगदान रहा है। बताया कि साल 2021-22 में हमारे स्कूल की बच्ची का चयन नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप के लिए हुआ है। वहीं नौवीं कक्षा की छात्रा मोनिका ने जनवरी में आयोजित जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपने स्कूल का नाम रोशन किया है। मुख्याध्यापक सुभाष चंद ने राजकीय उच्च पाठशाला लेसवीं को यह अवार्ड मिलने पर पूरे स्कूल स्टाफ के साथ ही स्कूल प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों और विद्यार्थियों को बधाई दी है। मुख्याध्यापक ने इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति को दिया है।